home page

राजगढ़ःपेयजल संकट को लेकर युवक कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन,सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

 | 
राजगढ़ःपेयजल संकट को लेकर युवक कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन,सीएमओ को सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 22 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार को युवक कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। नगरपालिका कार्यालय के सामने युवक कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नगर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और खाली मटके फोड़कर विरोध जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा ने किया, बाद में कार्यकर्ताओं ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी इकरार अहमद को ज्ञापन सौंपकर शहरवासियों को नियमित, पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महिलाएं भी शामिल हुईं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर के कई वार्डों में 12 से 15 दिन के अंतराल से पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात यह हैं कि कई परिवारों को निजी टैंकर या अन्य साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। युवक कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से भाजपा सरकार और नगरपालिका प्रशासन दोनों को घेरा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार होने के बावजूद लोग पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान हैं। ज्ञापन में नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया कि समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।युवक कांग्रेस ने मांग की कि शहर के जलसंकट का तत्काल समाधान किया जाए और सभी वार्डों में नियमित, पर्याप्त व स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे सहित युवक कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक