home page

राजगढ़ः संभाग आयुक्त ने की विकास कार्यों की समीक्षा, मोहर्रम को लेकर सतर्कता के दिए निर्देश

 | 
राजगढ़ः संभाग आयुक्त ने की विकास कार्यों की समीक्षा, मोहर्रम को लेकर सतर्कता के दिए निर्देश


राजगढ़, 22 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की विभिन्न विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक कार्यों की भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने सोमवार को आयोजित बैठक में विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी शुक्रवार को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई।

संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि भ्रमण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही भोपाल संभाग के जिलों में किए जा रहे नवाचारों और उल्लेखनीय कार्यों का तथ्यात्मक व प्रभावी प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा, ताकि संभाग स्तर पर बेहतर प्रदर्शन सामने रखा जा सके। रात्रि चैपाल कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए श्री शर्मा ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के सुझाव अभियान में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी जिलों को संभाग स्तरीय समीक्षा के लिए अद्यतन और सटीक आंकड़ों सहित प्रस्तुतीकरण तैयार रखने को कहा। मोहर्रम पर्व को देखते हुए कानून-व्यवस्था की समीक्षा में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कराने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में थिंक गैस द्वारा पीएनजी कनेक्शन विस्तार, जल गंगा संवर्धन अभियान, ज्ञान भारतम् मिशन के तहत पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और खनिज संबंधी मुद्दों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा संबल योजना, मुख्यमंत्री प्रगति कार्यक्रम, मोबाइल टावर स्थापना की अनुमतियां, भू-अर्जन प्रकरणों समेत अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी चर्चा हुई। संभाग आयुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणाममुखी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक