home page

राजगढ़ः अपराधों पर लगाम के लिए एसपी तोलानी ने कसी नकेल,लापरवाही मिली तो होगी सख्त कार्रवाई

 | 
राजगढ़ः अपराधों पर लगाम के लिए एसपी तोलानी ने कसी नकेल,लापरवाही मिली तो होगी सख्त कार्रवाई


राजगढ़,8 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों से लंबित मामलों, गंभीर अपराधों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी ली गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराधों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे सहित जिले के एसडीओपी, डीएसपी, रक्षित निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

एसपी ने गंभीर अपराधों की विवेचना, फरार आरोपियों की धरपकड़, चोरी और संपत्ति संबंधी मामलों के जल्द खुलासे, महिला अपराधों की संवेदनशीलता से जांच, स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी और न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की समीक्षा की। एसपी ने थाना प्रभारियों को जनसहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग से चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराधों के खुलासे में तेजी आएगी। फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने तथा शिकायतकर्ताओं से सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और नियमित पुलिस चैपाल लगाकर आमजन से सीधा संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी होनी चाहिए, जिससे लोगों का भरोसा मजबूत हो। बैठक में प्रभावी विवेचना से आरोपितों को न्यायालय से सजा दिलाने वाले विवेचकों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या अनुशासनहीनता मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक