रायसेन में सरपंच के जेठ की हत्या, आराेपी भी पूर्व सरपंच, पुरानी रंजिश बनी कारण
रायसेन, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के कुचवाड़ा गांव में शनिवार रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रवींद्र रघुवंशी के रूप में हुई है, जो वर्तमान सरपंच के जेठ थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। रवींद्र रघुवंशी अपने खेत पर कार्य देख रहे थे, इसी दौरान आरोपी के ट्रैक्टर चालक से उनका विवाद हो गया। बात बढ़ने पर चालक ने पूर्व सरपंच संतोष रघुवंशी को मौके पर बुला लिया। कहासुनी के बीच संतोष ने रवींद्र पर गोली चला दी, जो उनके सीने में लगी। गंभीर रूप से घायल रवींद्र को तुरंत सिविल अस्पताल बरेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उदयपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना पुरानी चुनावी रंजिश से जुड़ी हो सकती है। मृतक के छोटे भाई प्रमोद रघुवंशी की पत्नी वर्तमान में गांव की सरपंच हैं, जिससे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। परिवार के लिए यह तीसरी बड़ी त्रासदी है। इससे पहले जून 2023 में मृतक के छोटे भाई प्रमोद रघुवंशी और चचेरे भाई विवेक रघुवंशी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में आरोपी पक्ष के 8 लोग वर्तमान में जेल में हैं।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले रवींद्र पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गांव में शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

