home page

रायसेन के जंगल में मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान, ट्रेन टिकट और दस्तावेज बरामद

 | 
रायसेन के जंगल में मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान, ट्रेन टिकट और दस्तावेज बरामद


रायसेन, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की सैंडोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत अगरिया नयापुरा जंगल में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पेड़ के नीचे पड़ा हुआ था और करीब 4 से 5 दिन पुराना होने के कारण उसमें कीड़े पड़ चुके थे तथा आसपास तेज दुर्गंध फैल रही थी।

घटना की जानकारी जंगल में निगरानी कर रहे चौकीदार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान शव के पास एक झोला मिला, जिसमें अस्पताल से संबंधित दस्तावेज, आधार कार्ड और ट्रेन की टिकट बरामद हुई। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी जय सिंह के रूप में की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक किसी चलने-फिरने संबंधी बीमारी का इलाज करा रहा था। चौकी प्रभारी के अनुसार संबंधित अस्पताल से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि जय सिंह कुछ समय पहले उपचार के दौरान अस्पताल से चला गया था।

ट्रेन से रायसेन पहुंचने की आशंका

मृतक के पास से ट्रेन की टिकट मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि वह ट्रेन के माध्यम से रायसेन पहुंचा होगा। हालांकि वह जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के रविवार को रायसेन पहुंचने की संभावना है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे