home page

रायसेन में बस ने परिवार को रौंदा, पिता और बेटे की मौत, मां-बेटा घायल

 | 
रायसेन में बस ने परिवार को रौंदा, पिता और बेटे की मौत, मां-बेटा घायल


रायसेन, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज में शनिवार दोपहर एक दिलदहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जहां 'शक्ति ट्रेवल्स' की एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को रौंद दिया। इस भीषण भिड़ंत में पिता और उनके 5 साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और 3 साल का दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सागर-भोपाल रूट पर बेगमगंज थाना इलाके में घटित हुई। कालापाठा गांव का रहने वाला पूरन आदिवासी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। शनिवार को वह अपनी पत्नी संध्या और दो मासूम बेटों के साथ अपनी ससुराल आलमपुर से बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही शक्ति ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक चला रहे पूरन आदिवासी और उनके 5 वर्षीय बेटे डब्बू आदिवासी की मौके पर ही सांसें थम गईं। हादसे की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के प्रभाव से मासूम बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया। वहीं, मोटरसाइकिल पर सबसे आगे बैठा 3 साल का छोटा बेटा टक्कर लगते ही हवा में उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन उसे और उसकी मां संध्या को गंभीर चोटें आई हैं।

एक्सीडेंट होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। घबराए यात्री आनन-फानन में बस से नीचे उतर आए। उधर, खुद को घिरता देख आरोपी बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बेगमगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों व शवों को तुरंत बेगमगंज अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कराकर उनके गंतव्यों के लिए रवाना किया।

क्षेत्र के लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है, क्योंकि पिछले चार दिनों के भीतर शक्ति ट्रेवल्स की बस से जुड़ा यह दूसरा बड़ा और जानलेवा हादसा है। इससे पहले भोपाल रोड पर इसी ट्रेवल्स की एक बस ने मोटरसाइकिल सवारों को कुचल दिया था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। फिलहाल, बेगमगंज पुलिस ने बस को जप्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत