home page

मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन बारिश की संभावना, ग्वालियर-शिवपुरी समेत 5 जिलों में आज अलर्ट

 | 
मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन बारिश की संभावना, ग्वालियर-शिवपुरी समेत 5 जिलों में आज अलर्ट


- उज्जैन, सागर और रीवा संभाग में भी बदलेगा मौसम

भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने से अगले चार दिन तक ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग में मौसम बदला रहेगा। शुक्रवार को ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। 18 और 19 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, 20 अक्टूबर के बाद रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है। हालांकि 15 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश से लौट चुका है। इसके बावजूद कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय होने के कारण बारिश हो रही है। मध्यप्रदेश से एक ट्रफ गुजर रही है, जबकि प्रदेश के उत्तरी हिस्से में दो सिस्टम सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

शुक्रवार को ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना और शिवपुरी में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 17 अक्टूबर को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में 18 और 19 अक्टूबर को भी पानी गिर सकता है। इससे पहले गुरुवार को नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और शिवपुरी में हल्की बारिश हुई। इन जिलों में बादल छाए रहने के साथ आंधी जैसी मौसमी स्थिति भी बनी रही।

बारिश के बीच प्रदेश में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 अक्टूबर के बाद रात में ठंड का असर और बढ़ेगा। फिलहाल कई शहरों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। अनूपपुर जिले का अमरकंटक प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। बीती रात यहां न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शाजापुर में 17.4 डिग्री, भोपाल में 17.6 डिग्री और इंदौर व बालाघाट के मलाजखंड में 17.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। रायसेन और छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत