home page

अनूपपुर : धान कटाई के बीच बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में भरा पानी

 | 
अनूपपुर : धान कटाई के बीच बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में भरा पानी


अनूपपुर : धान कटाई के बीच बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में भरा पानी


अनूपपुर : धान कटाई के बीच बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में भरा पानी


अनूपपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में धान की कटाई के बीच बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज भी भीग गई है। इससे धान की गुणवत्ता खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जिले में बारिश की संभावना जताई है।

समुद्री तूफान 'अकवन' के प्रभाव से जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित जैतहरी, कोतमा, बिजुरी, रामनगर, अमरकंटक और राजेन्द्रग्राम क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शनिवार सुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के साथ ठंड का असर भी बढ़ गया। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए। खराब मौसम के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा।

कोहरे की चादर में लिपटा अमरकंटक

पवित्र नगरी अमरकंटक में शनिवार सुबह घना कोहरा और धुंध छाई रही। बीते दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश और वातावरण में नमी के कारण ठंड बढ़ गई है। कम दृश्यता के चलते सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को सामने का रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण सावधानी से वाहन चलाने पड़े। बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।

अमरकंटक में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 23 रहा। शनिवार को हवा की गति शांत रही, लेकिन रातभर हुई बारिश और सुबह के कोहरे के कारण वातावरण में ठिठुरन बनी रही। दिन चढ़ने के बाद भी मौसम में खास बदलाव नहीं आया।

कटाई के समय बारिश से दोहरे नुकसान की आशंका

जिले में इन दिनों धान की कटाई का काम चल रहा है। कई किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है, जबकि कुछ किसानों ने कटाई के बाद उपज खेतों और खलिहानों में रखी है। बारिश से कटी हुई धान के भीगने और उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा है। लगातार बारिश होने पर उपज को सुखाने और सुरक्षित भंडारण में भी किसानों को परेशानी होगी। इससे मंडियों में बिक्री के दौरान आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

60 प्रतिशत धान की कटाई पूरी

कृषि उपसंचालक अनुराग पटेल ने बताया कि समुद्री तूफान 'अकवन' का प्रभाव जिले में बना हुआ है। प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में अनूपपुर में खरीफ और रबी की बुवाई तथा कटाई का काम 15 से 20 दिन देरी से होता है। वर्तमान में रबी की बुवाई जारी है, जबकि खरीफ की धान फसल की करीब 60 प्रतिशत कटाई पूरी हो चुकी है। लगातार बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। तेज बारिश होने पर सब्जियों की फसल भी प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि कटाई के बाद धान की फसल को छायादार स्थान पर रखें, अच्छी तरह ढककर सुरक्षित करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए जल्द गहाई कर लें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला