home page

अमरपाटन में 12 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, घरों-दुकानों में घुसा पानी

 | 
अमरपाटन में 12 घंटे की मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, घरों-दुकानों में घुसा पानी


मैहर, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच अमरपाटन और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 12 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण कई सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि कई दुकानों और मकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगर के मैहर रोड स्थित स्वामी श्री अभयनंद आश्रम परिसर भी मंगलवार को जलभराव की चपेट में आ गया। आश्रम के कमरों तक पानी पहुंचने से वहां मौजूद लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य नाली के अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी निकासी नहीं पा सका और आश्रम परिसर में भर गया। उनका कहना है कि यह समस्या पिछले तीन-चार वर्षों से बनी हुई है और कई बार नगर परिषद को अवगत कराने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया।

बारिश का असर अमरपाटन के सतना चौराहा, अस्पताल क्षेत्र और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी दिखाई दिया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। देर रात तक दुकानदार दुकानें खोलकर पानी निकालते नजर आए ताकि सामान को नुकसान से बचाया जा सके।

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय पर नालियों की सफाई नहीं होने से पहली ही तेज बारिश में जलभराव की स्थिति बन गई। नागरिकों ने मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालियों की तत्काल सफाई कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आगे ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

हिन्दुस्थान समाचार/सीताशरण

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा