बारिश ने बिगाड़ी सड़कों की सूरत, सीएंडडी वेस्ट से भरे जा रहे राजधानी की सड़कों के गड्ढे
भोपाल, 10 सितंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में इस बार हुई बारिश ने शहर की सड़कों की हालत बिगाड़ दी है। कई प्रमुख और आंतरिक मार्गों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले से मेट्रो निर्माण के लिए हुई खुदाई के कारण प्रभावित सड़कों के बाद बारिश ने हालात और चुनौतीपूर्ण कर दिए हैं। कई मार्गों पर वाहन चालकों को धूल और उबड़-खाबड़ रास्तों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।
नागरिकों की परेशानी को देखते हुए नगर पालिक निगम भोपाल ने बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को भरने का अभियान तेज कर दिया है। निगम के यांत्रिक विभाग का अमला अलग-अलग जोन क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और सड़क को समतल करने की कार्रवाई कर रहा है। इसके लिए सी.एण्ड.डी वेस्ट, जी.एस.बी. मटेरियल सहित अन्य उपलब्ध सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
नगर निगम के यांत्रिक विभाग की टीम ने गुरुवार को भी शहर के विभिन्न हिस्सों में गड्ढों को भरने और उनका समतलीकरण करने का काम किया। निगम अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य बारिश के कारण खराब हुए मार्गों पर तत्काल राहत उपलब्ध कराना और नागरिकों के आवागमन को सुगम बनाना है।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अमले को बारिश के कारण सड़कों और मार्गों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के लिए कहा गया है। इसी क्रम में निगम की टीम ने ई-7 अरेरा कॉलोनी, 12 नंबर स्टॉप, दानापानी रोड, साईं बाबा बोर्ड, बागमुगालिया स्थित सुरेंद्र गार्डन, अहमदपुर कलां, नर्मदापुरम रोड स्थित प्रधान मंडपम, डी सेक्टर पटेल नगर, रायसेन रोड, कृष्णापुरी नीलबड़, जाटखेड़ी और संजय नगर सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की।
इन क्षेत्रों के मुख्य मार्गों के साथ-साथ अन्य सड़कों पर भी गड्ढों को भरने और समतलीकरण का कार्य किया गया। निगम के मुताबिक मरम्मत कार्य के बाद इन मार्गों पर नागरिकों को आवागमन में राहत मिल रही है।
लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कों पर बने गड्ढों ने यातायात व्यवस्था के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी। ऐसे में निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर खराब हिस्सों को चिन्हित किया जा रहा है और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से तत्काल सुधार कार्य कराया जा रहा है।
निगम प्रशासन का कहना है कि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यांत्रिक विभाग की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। प्रमुख मार्गों के अलावा जरूरत के अनुसार अन्य सड़कों पर भी गड्ढे भरने और समतलीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
-----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

