home page

जबलपुर में रात भर से बारिश जारी, जनजीवन हो रहा प्रभावित

 | 
जबलपुर में रात भर से बारिश जारी, जनजीवन हो रहा प्रभावित


जबलपुर में रात भर से बारिश जारी, जनजीवन हो रहा प्रभावित


जबलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर शहर में मंगलवार रात से लगातार बारिश का दौर जारी है। रात भर हुई झमाझम बारिश के बाद बुधवार सुबह भी शहर में लगातार बूंदें थमने का नाम नहीं ले रहीं है। तापमान गिरकर 24 डिग्री पर आ गया है और हवा में नमी 96% तक पहुंच गई है। आज दिन का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार कल देर रात शुरू हुई बारिश अभी और जारी रह सकती है। शहर के गढ़ा, सदर, मदन महल, रांझी और आधारताल इलाकों में सुबह से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। नर्मदा नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है, जिसके कारण जबलपुर संभाग में लगातार बारिश हो रही है।

लगातार बारिश से शहर के निचले इलाकों में नाले नालियों के ओवरफ्लो होने से नागरिकों के लिए असहज स्थिति बन गई है। नगर निगम की टीमें नालों की सफाई में जुटी हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वालों को सुबह काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि यह बारिश का दौर अगले 24 से 48 घंटे तक इसी तरह जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक