बारिश के बीच योगमय हुआ मध्य प्रदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लाखों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
किलों, घाटों, स्टेडियमों और शिप्रा की लहरों पर गूंजा स्वास्थ्य का संदेश
मंत्रियों-विधायकों से लेकर विद्यार्थियों और आमजन तक की सहभागिता
भोपाल/उज्जैन/ग्वालियर।, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा मध्य प्रदेश योगमय नजर आया। कहीं ऐतिहासिक किलों की पृष्ठभूमि में सामूहिक योगाभ्यास हुआ तो कहीं पवित्र नदियों के घाटों पर स्वास्थ्य और आध्यात्म का संदेश गूंजा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कई स्थानों पर बारिश और खराब मौसम के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। टीटी नगर में आयोजित कार्यक्रम में मप्र कैबिनेट राज्य मंत्री कृष्णा गौर मौजूद रही। मंत्री के साथ-साथ कई सामाजिक संगठन और छात्र छात्राएं योग में शामिल हैं। शौर्य स्मारक पर एनसीसी कैंडेट्स का सामूहिक योग आयोजन किया गया। भाेपाल निगम मुख्यालय प्रांगण में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, निगम आयुक्त संस्कृति जैन, एम आई सी सदस्य आर के सिंह बघेल, पार्षद गण शक्ति राव, उर्मिला मौर्य, रीता विश्वकर्मा, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे I
उज्जैन में बारिश के बावजूद उमड़ा जनसैलाब
धार्मिक नगरी उज्जैन में राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम स्थित दशहरा मैदान पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार की बारिश से मैदान गीला होने के बावजूद हजारों योग साधक रविवार सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
शिप्रा की लहरों पर नन्हें तैराकों का जल योग बना आकर्षण
उज्जैन में योग दिवस पर रामघाट स्थित शिप्रा नदी में नन्हें तैराकों ने अनूठा जल योग कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बारिश के बीच बच्चों ने पानी में संतुलन बनाते हुए योगासन, प्राणायाम, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और योग पिरामिड का प्रदर्शन किया। मां शिप्रा तैराक दल द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बच्चों ने नदी की लहरों पर विभिन्न आकृतियां बनाकर योग और तैराकी के अद्भुत समन्वय का प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद बच्चों का आत्मविश्वास और अनुशासन लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना रहा।
ग्वालियर दुर्ग बना योग साधना का केंद्र
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग स्थित राजा मानसिंह महल परिसर योग साधना का साक्षी बना। जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक वातावरण के बीच हुए सामूहिक योगाभ्यास ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। जिले की सभी नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेठानी घाट से पचमढ़ी तक योग का उत्साह
नर्मदापुरम के ऐतिहासिक सेठानी घाट पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसदों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों सहित करीब 400 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। वहीं, मौसम विभाग के बारिश संबंधी अलर्ट को देखते हुए इस बार प्रदेश की सबसे ऊंची चोटी धूपगढ़ के स्थान पर पचमढ़ी के सूर्य नमस्कार गार्डन में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
सीहोर में मंत्री ने कहा- योग शरीर, मन और आत्मा का संगम
सीहोर के आवासीय खेलकूद संस्थान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम है। आधुनिक जीवनशैली में तनाव, अवसाद और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
मऊगंज में विधायक ने बताया स्वास्थ्य का मंत्र
मऊगंज के शासकीय केदारनाथ महाविद्यालय परिसर में आयोजित योग शिविर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान और शारीरिक श्रम में कमी के कारण आज बीमारियां बढ़ रही हैं। यदि व्यक्ति प्रतिदिन केवल एक घंटा योग, व्यायाम या पैदल चलने जैसी गतिविधियों को दे, तो उसे अनेक बीमारियों और दवाइयों पर निर्भरता से राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि विचारों और मन को नियंत्रित करने की प्रभावी साधना भी है।
योग दिवस पर प्रदेशभर में दिखा उत्साह
प्रदेश के सभी संभागों और जिलों में सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, खेल परिसरों, पंचायत मुख्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद लोगों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

