अनूपपुर में हवा और बारिश से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत
अनूपपुर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार दोपहर तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। अचानक बदले मौसम ने पूरे जिले में ठंडक घोल दी और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
सुबह से ही उमस और तेज गर्मी से लोग बेहाल थे, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाएं चलीं और कुछ ही देर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 15-20 मिनट की तेज बारिश के बाद रिमझिम फुहारों का सिलसिला देर तक जारी रहा।
जिला मुख्यालय सहित जैतहरी, भालूमाड़ा, कोतमा, राजेंद्रग्राम और फुनगा क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिला। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई।
मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच यह बदलाव लोगों के लिए राहत भरा साबित हुआ।
भू-अधीक्षक प्रदीप कुमार मोगरे के अनुसार, जिले में फिलहाल बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। आने वाले एक-दो दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहने से गर्मी का असर कम बना रहेगा।
वहीं, मई में हुई इस बारिश को किसानों के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि, जिन किसानों की फसलें अभी खेतों में कटी हुई पड़ी हैं, उन्हें विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

