home page

राहुल गांधी पर टिप्पणी के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, भोपाल में पुतला दहन

 | 
राहुल गांधी पर टिप्पणी के विरोध में एनएसयूआई का प्रदर्शन, भोपाल में पुतला दहन


भोपाल, 20 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर छात्र संगठन एनएसयूआई ने सोमवार को भोपाल में विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दूरदर्शन के एंकर अशोक श्रीवास्तव की टिप्पणी और दिल्ली में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित किया गया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए चौकसे ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष के नेता के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए जाते हैं और विरोध करने वाले छात्रों-युवाओं पर कार्रवाई होती है, तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने यह भी कहा कि एनएसयूआई इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी और लोकतंत्र तथा छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर अपना विरोध दर्ज कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे