home page

बाणसागर बांध को बार-बार तैरकर पार कर रहा रेडियो कॉलर-4, सुरक्षित रेस्क्यू के लिए वन विभाग का संयुक्त अभियान शुरू

 | 
बाणसागर बांध को बार-बार तैरकर पार कर रहा रेडियो कॉलर-4, सुरक्षित रेस्क्यू के लिए वन विभाग का संयुक्त अभियान शुरू


शहडोल, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी इन दिनों अपनी असाधारण विचरण गतिविधियों के कारण वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। लगभग 20 वर्ष आयु का नर हाथी रेडियो कॉलर-4 बार-बार सोन नदी (बाणसागर बांध) को तैरकर पार कर अपना विचरण क्षेत्र बदल रहा है।

बांधवगढ़ से मैहर वनमंडल तक लगातार आवाजाही और उसके आसपास बसे ग्रामीण क्षेत्रों को देखते हुए वन विभाग ने हाथी के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया है। साेमवार से रेस्क्यू की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं, जबकि बुधवार से रेस्क्यू की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ से आया था हाथी, जनहानि की घटनाओं के बाद लगाया गया था रेडियो कॉलर

रेडियो कॉलर-4 मूलतः छत्तीसगढ़ का हाथी है। दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही वन परिक्षेत्र में लगातार जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 22 मई 2026 को इसका रेस्क्यू कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। इसके अगले दिन 23 मई को इसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र की बगदरा बीट में सुरक्षित छोड़ा गया।

इसके बाद वन विभाग लगातार इसकी गतिविधियों पर नजर रखता रहा। शुरुआत में करीब एक माह तक यह अकेले विचरण करता रहा। 26 जून को 12 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। 23 मई से 14 सितंबर 2026 के बीच इसने प्रतिदिन औसतन 9.8 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान खितौली, धमोखर, कल्लवाह, मगधी, उमरिया और शहडोल के वन क्षेत्रों में इसकी आवाजाही दर्ज की गई।

8 से 10 घंटे तक तैरकर पार की सोन नदी, बीच टापू पर भी लिया विश्राम

रेडियो कॉलर-4 की सबसे उल्लेखनीय गतिविधि सोन नदी यानी बाणसागर बांध को बार-बार तैरकर पार करना रही है। 7 सितंबर 2026 को यह पनपथा बफर क्षेत्र से सोन नदी पार कर मैहर वनमंडल के अमरपाटन परिक्षेत्र पहुंच गया था। इस दौरान हाथी ने लगभग 8 से 10 घंटे तक तैराकी की और बीच में एक टापू पर रुककर विश्राम भी किया।

मैहर वनमंडल में करीब 20 दिन विचरण करने के बाद 28-29 सितंबर की रात इसने फिर सोन नदी पार की। लगभग 8 से 9 घंटे में करीब 9 किलोमीटर की दूरी तैरकर तय करते हुए उत्तर शहडोल के रास्ते बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में प्रवेश किया। यहां लगभग एक माह तक रहने के बाद इसने दोबारा अपना विचरण क्षेत्र बदला। करीब दो सप्ताह पूर्व फिर बाणसागर बांध पार कर मैहर वनमंडल के अमरपाटन परिक्षेत्र की विभिन्न बीटों में पहुंच गया। वर्तमान में यह इसी क्षेत्र में विचरण कर रहा है।

ग्रामीणों और हाथी की सुरक्षा के लिए संयुक्त रेस्क्यू अभियान

हाथी के वर्तमान विचरण क्षेत्र के आसपास कई गांव स्थित हैं। मानव आबादी, मवेशियों और कृषि भूमि की मौजूदगी के साथ पूर्व में जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति की घटनाओं को देखते हुए मानव-हाथी संघर्ष की आशंका बनी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ हाथी को भी सुरक्षित रखना वन विभाग की प्राथमिकता है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) डॉ. समिता राजोरा के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व डॉ. अनुपम सहाय, वन संरक्षक वन वृत्त रीवा श्री अनुराग कुमार तथा वनमंडलाधिकारी मैहर श्री विद्या भूषण के मार्गदर्शन में विभिन्न वन क्षेत्रों और संस्थानों की टीमें समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।

अभियान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के तीन हाथी गौतम, सूर्या और श्याम तथा संजय बाघ अभयारण्य का हाथी बापू लगाया गया है। इनके माध्यम से रेडियो कॉलर-4 के सुरक्षित रेस्क्यू की कार्रवाई की जा रही है।

100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी और तीन वन्यजीव चिकित्सक तैनात

संयुक्त अभियान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के लगभग 20, संजय बाघ अभयारण्य के 10, मैहर वनमंडल के 60 तथा मुकुंदपुर चिड़ियाघर के लगभग 15 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा वन्यजीव स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम भी अभियान में जुटी है। इसमें डॉ. राजेश तोमर (बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व), डॉ. नितिन गुप्ता (मुकुंदपुर चिड़ियाघर) और डॉ. अभय सेंगर (संजय बाघ अभयारण्य) शामिल हैं।

विभिन्न वन क्षेत्रों के अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षित हाथियों और वन्यजीव चिकित्सकों के समन्वय से चलाया जा रहा यह अभियान मानव और वन्यजीव के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। वन विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को संभावित खतरे से बचाना और रेडियो कॉलर-4 को भी बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रेस्क्यू करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला