home page

मजार परिसर से लगी भूमि पर गैराज संचालन को लेकर उठे सवाल, नागरिकों ने मांगी राजस्व जांच

 | 
मजार परिसर से लगी भूमि पर गैराज संचालन को लेकर उठे सवाल, नागरिकों ने मांगी राजस्व जांच


अशोकनगर/चंदेरी, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोनगर जिले के चंदेरी नगर में मुंगावली तिराहे स्थित एक मजार परिसर से लगी भूमि पर संचालित गैराज को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जांच की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि संबंधित भूमि के स्वामित्व और उस पर संचालित व्यावसायिक गतिविधि की वैधानिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों के अनुसार मजार परिसर के सामने लंबे समय से बड़े स्तर पर गैराज का संचालन किया जा रहा है। क्षेत्र में यह चर्चा है कि गैराज संचालक भूमि को किराये पर लिए होने का दावा करता है। ऐसे में नागरिक यह जानना चाहते हैं कि यदि भूमि किराये पर है तो उसे किस सक्षम प्राधिकारी ने आवंटित या किराये पर दिया है तथा किराया किसे और किस वैधानिक व्यवस्था के तहत दिया जा रहा है।

नागरिकों ने जिला प्रशासन से राजस्व अभिलेखों के आधार पर संबंधित भूमि के स्वामित्व की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने का आग्रह किया है कि यदि भूमि शासकीय है तो वहां व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति किस विभाग और किस अधिकारी द्वारा प्रदान की गई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी शासकीय भूमि का उपयोग नियमों के विपरीत किया जा रहा है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, यदि संबंधित गतिविधि सभी वैधानिक अनुमतियों के अनुरूप संचालित हो रही है तो प्रशासन को तथ्य सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की भ्रांति की स्थिति न बने।

मामले को लेकर नागरिकों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार/निर्मल

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा