home page

जबलपुरः शहपुरा टोल पर अब नहीं देना होगा टैक्स

 | 
जबलपुरः शहपुरा टोल पर अब नहीं देना होगा टैक्स


मध्य प्रदेश, 25 सितंबर (हि.स.)। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की पहल के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को शहपुरा टोल प्लाजा पर टैक्स वसूली तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं।

करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से बने शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद मुख्य मार्ग बंद है और यातायात को वैकल्पिक रास्ते से डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद टोल वसूली जारी रहने से वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।

फरवरी 2026 में शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का मुख्य हिस्सा अचानक धंस गया था। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यातायात को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट किया। वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण वैकल्पिक संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद दोनों मार्गों पर आवाजाही रोकनी पड़ी।

वर्तमान में जबलपुर आने-जाने वाले वाहनों को पाटन मार्ग से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ समय और ईंधन का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बताया गया कि करीब चार सप्ताह पहले भोपाल में हुई समीक्षा बैठक के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को टोल वसूली तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद टोल संचालन करने वाली एजेंसी की ओर से करीब 24 दिनों तक वसूली जारी रही।

एजेंसी की ओर से यह तर्क दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लिखित अनुमति मिलने के बाद ही टोल बैरियर खोले जा सकते हैं। इसके बाद मंत्री राकेश सिंह ने 22 सितंबर को केंद्र सरकार से संपर्क कर मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी दी और पुल के पुनर्निर्माण तक टोल वसूली स्थगित करने का आग्रह किया।

शहपुरा ओवरब्रिज की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति का आकलन केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान तथा पुल निर्माण के विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जा रहा है। विशेषज्ञों की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर ही पुल के पुनर्निर्माण की आगे की प्रक्रिया तय होगी। केंद्रीय मंत्री की मंजूरी के बाद शहपुरा टोल प्लाजा पर वसूली बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुल के दोबारा निर्माण और सुरक्षित आवागमन बहाल होने तक वाहन चालकों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक