home page

राजगढ़ः पुत्रदा एकादशी पर श्याममय हुआ ब्यावरा, बड़ी संख्या में भक्तों ने किए बाबा के दर्शन

 | 
राजगढ़ः पुत्रदा एकादशी पर श्याममय हुआ ब्यावरा, बड़ी संख्या में भक्तों ने किए बाबा के दर्शन


राजगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के साथ शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। मंदिर समिति के अनुसार, दिनभर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन किए। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं।

इस दौरान ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। पुत्रदा एकादशी को भगवान विष्णु को समर्पित महत्वपूर्ण व्रत माना जाता है। श्रद्धालु संतान सुख, संतान के कल्याण और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से यह व्रत रखते हैं। इसी भावना के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे और अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। 51 किलो फूलों से सजा बाबा का दरबार एकादशी के अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में भव्य दरबार सजाया गया था। उज्जैन से मंगवाए गए करीब 51 किलो ताजे फूलों से बाबा का श्रृंगार और मंदिर की सजावट की गई। रंग-बिरंगी रोशनी और विद्युत सज्जा ने मंदिर की भव्यता को और बढ़ा दिया।

निशान यात्राओं में उमड़ा उत्साह पुत्रदा एकादशी पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों सहित आसपास के गांवों से निशान यात्राएं निकाली गईं। ढोल- नगाड़ों और भजनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा के दरबार पहुंचे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ यात्राओं में भाग लिया। हाथों में निशान लेकर श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जयकारे लगाए और मंदिर पहुंचकर निशान अर्पित किए। पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति के साथ पुलिस, प्रशासन, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला। कतार व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी व स्वयंसेवक तैनात रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक