home page

राजगढ़ःपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

 | 
राजगढ़ःपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि


राजगढ़, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिल में गुरुवार को ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी ब्यावरा के तत्वावधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेसजनों द्वारा उनके चित्र पर माला और पुष्प अर्पित कर नमन करने के साथ हुई।

सभा में मौजूद नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने 21वीं सदी के आधुनिक भारत की नींव रखने, सूचना क्रांति को गति देने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने और पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और देशहित के प्रति समर्पण आज भी करोड़ों भारतीयों को सेवा और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा देता है।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने तकनीक को जनता तक पहुंचाने, ग्रामीण भारत को जोड़ने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का जो संकल्प लिया था, वही आज देश के विकास की दिशा तय कर रहा है। उन्होंने असहायों, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के उत्थान को हमेशा सर्वोपरि रखा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया,पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, आफताब खान,कपिल शिवहरे,विश्वनाथ दांगी,फूलसिंह वर्मा,जगदीश सेन,यूनुस मोहम्मद, कैलाश कुशवाह,फिरोज लाला, विष्णु गुर्जर,संजय बंसल,शिवनारायण अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजीव गांधी के सपनों के भारत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक