अनूपपुर: रक्सा में 800×2 मेगावाट पावर प्लांट परियोजना की लोकसुनवाई सम्पन्न
अनूपपुर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत रक्सा के खेल मैदान में शुक्रवार को न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 800×2 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत लोकसुनवाई का सफल आयोजन किया गया।
लोकसुनवाई किसानों एवं ग्रामीणों के लिखित निवेदन के आधार पर भू-अधिग्रहण नियम 2013 के तहत सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा के उद्देश्य से आयोजित की गई। प्रस्तावित परियोजना के लिए लगभग 103.691 एकड़ भूमि अधिग्रहण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
लोकसुनवाई की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कमलेश पुरी ने की। कार्यक्रम में सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर दिलीप पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। सामाजिक प्रभाव आकलन का अध्ययन करने वाली संस्था ए.आई.एस.डी. द्वारा अध्ययन रिपोर्ट को विस्तारपूर्वक पढ़कर सुनाया गया तथा ग्रामीणों को परियोजना से जुड़े सामाजिक एवं विकासात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम रक्सा एवं कोलमी के हितग्राहियों तथा उपस्थित ग्रामीणों ने मंच के माध्यम से अपने विचार, सुझाव एवं अपेक्षाएँ व्यक्त कीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में उद्योग स्थापना को विकास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं उसकी अनुसंगी कंपनी टोरेंट पावर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक जवाब दिया। कंपनी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि कंपनी शासन के सभी नियमों एवं कानूनों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य कर रही है तथा ग्रामीणों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
कंपनी की ओर से बताया गया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ग्रामीणों के विशेष आग्रह एवं ग्राम सभा की सहमति के बाद ही आगे बढ़ाई गई है। ग्राम पंचायत रक्सा एवं कोलमी की अनुपयोगी भूमि के अधिग्रहण के लिए ग्रामीणों द्वारा प्रस्ताव पारित कर निवेदन किया गया था, जिसके पश्चात शासन के माध्यम से नियमानुसार अधिग्रहण प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्रस्तावित परियोजना न केवल क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगी, बल्कि मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही रोजगार के अवसरों का सृजन, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनूपपुर गुड्डू चौहान ने कहा कि उद्योग स्थापना से प्रदेश एवं देश के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने प्रभावित किसानों के हितों की सुरक्षा की बात कहते हुए कंपनी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।
चक्रधर मिश्रा ने कहा कि कंपनी और ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हुआ है तथा उद्योग स्थापना के लिए ग्रामीणजन पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि कंपनी ग्रामवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ा रही है।
लोकसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत रक्सा की सरपंच उमा सिंह, कोलमी सरपंच राजू पनिका, राम नारायण पाण्डेय, नरेंद्र राठौर, रमेश सिंह, चक्रधर मिश्रा, कुसुम राठौर, रामदीन राठौर सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
लोकसुनवाई के अंत में कंपनी प्रतिनिधि सुशील कांत मिश्रा द्वारा उठाए गए मुद्दों का बिंदुवार उत्तर प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कमलेश पुरी ने लोकसुनवाई समाप्ति की घोषणा की। पूरी लोकसुनवाई शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण के सम्पन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

