जनसंवाद से विकास को मिल रही नई दिशा, जनता की भागीदारी जरूरी: हेमंत खण्डेलवाल
बैतूल/भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को बैतूल बाजार क्षेत्र के पांच क्लस्टरों सोहागपुर, बारहवीं, गोराखार, बाघोली और बैतूल बाजार में बैठकें लेकर ग्रामीणों और नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा 42 लाख रुपए की लागत से सोहागपुर, गोराखार और बाघोली में निर्मित तीन सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि जनसंवाद और जनभागीदारी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना और स्थानीय जरूरतों के अनुसार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने से योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
पांचों क्लस्टर बैठकों में ग्रामीणों ने सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली, पेयजल और सिंचाई सहित विभिन्न समस्याएं सामने रखीं। खण्डेलवाल ने समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों के सुझावों पर सकारात्मक विचार करने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि गांवों और नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त क्षेत्र के निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है। विकास कार्यों की प्राथमिकता स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर तय करने और उनमें नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने से योजनाओं का असर अधिक प्रभावी हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सोहागपुर क्लस्टर में जैतापुर, आरुल, बुंडाला, बंजारढाना, जुनावानी, नाहिया, साईंखंडारा, खापा, मिलानपुर और रोंधा सहित गांवों के ग्रामीणों से संवाद किया गया। बारहवीं क्लस्टर में बारहवीं, गुढ़ी, अर्जुनवाड़ी, रेढ़वा, घोघरी, डोडरामोहाड़, जावरा, थावड़ी, सुनारखापा और नागझिरी क्षेत्र के नागरिक शामिल हुए। गोराखार क्लस्टर में कोलगांव, मुचागोहान, गोराखार, सरंडई, गोंडी गौला, बड़ौरी, जसोन्दी, हाथीडिगर, दीनानचारसी, बोरीकास, सालार्जुन और अन्य गांवों के ग्रामीणों से चर्चा की गई।
बाघोली क्लस्टर में बाघोली, छाता, चारबन, बयावाड़ी, लोहारिया, जोड़क्या, जगधर, परसोडी, हनोत्या, हतनोरा और गजामढ़ाना क्षेत्र के ग्रामीण शामिल हुए। बैतूल बाजार के नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, मंडल अध्यक्ष सुनील पवार, नीतू पटेल, बैतूल बाजार नगर परिषद अध्यक्ष दुर्गावती संजय वर्मा, बैतूल जनपद उपाध्यक्ष कृष्णा लोखंडे, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा, वरिष्ठ कार्यकर्ता मधु पाटनकर सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

