home page

भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला करने वाला ‘साइको मैन’ गिरफ्तार, आरोपी पर था 20 हजार का इनाम

 | 
भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला करने वाला ‘साइको मैन’ गिरफ्तार, आरोपी पर था 20 हजार का इनाम


भोपाल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी राजधानी भोपाल में छात्राओं पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाला ‘साइको मैन’ आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को बुधवार देर रात पुलिस ने छोला इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान देवेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो सागर जिले का रहने वाला है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी से हुए विवाद के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर एक के बाद एक तीन छात्राओं पर हमला किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच, अयोध्या नगर और पिपलानी थाने की कुल 5 टीमें लगाई गई थीं। इस ऑपरेशन में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने शहर के आपराधिक प्रवृत्ति वालों का डेटा खंगाला और पुराने ब्लेड व छेड़छाड़ के मामलों के संदिग्धों से भी पूछताछ की।

100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि देवेंद्र अहिरवार भोपाल में मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी है। वारदात के समय वह चेहरा रूमाल से ढकता, सिर पर टोपी पहनता और काली बाइक का इस्तेमाल करता था ताकि पहचान न हो सके।

बाइक पर घूमकर तीन छात्राओं को बनाया निशाना

बीती 29 जनवरी की रात पत्नी से विवाद के बाद आरोपी बाइक लेकर घर से निकला। वह भानपुर ब्रिज के रास्ते अयोध्या नगर और पिपलानी इलाके में पहुंचा। यहां सुनसान और अंधेरी जगहों को चुनकर उसने तीन छात्राओं पर कटर से हमला किया। दो छात्राओं को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक को मामूली चोट लगी। 30 जनवरी को पीड़िताओं की शिकायत पर अयोध्या नगर और पिपलानी थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता पिपलानी इलाके में रहती है और निजी कॉलेज की छात्रा है। 29 जनवरी की रात करीब 10:14 बजे वह घर के बाहर टहल रही थी, तभी बाइक सवार आरोपी से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने कटरनुमा धारदार हथियार से उसके पैर पर हमला कर फरार हो गया। इसी तरह पिपलानी क्षेत्र में ही आरोपी ने एक अन्य युवती पर हमला किया, जिसे मामूली चोट आई। इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पिपलानी क्षेत्र में ही 20 वर्षीय दूसरी छात्रा पर हमला किया गया। वह अयोध्या बाइपास की कॉलोनी में रहती है और निजी कॉलेज की छात्रा है। आरोपी ने बाइक रोककर विवाद किया और कटर से हमला कर दिया। बचाव के दौरान युवती झुक गई, जिससे उसकी नाक पर चोट आई।

शहर में फैली थी दहशत

लगातार हो रहे हमलों से भोपाल की युवतियों में डर का माहौल बन गया था। शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उसने पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे