भोपाल में शराब दुकानों को लेकर विरोध, मंदिर और स्कूल के पास ठेकों पर भड़के रहवासी, पार्षद भी सड़क पर उतरीं
- अरेरा कॉलोनी और शाहपुरा इलाकों में रहवासियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
भोपाल, 23 अप्रैल (हि.स.) । राजधानी भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार दोपहर शहर के अरेरा कॉलोनी और शाहपुरा इलाकों में रहवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि शाहपुरा में स्कूल से मात्र 50 मीटर दूरी पर शराब दुकान संचालित हो रही है, जबकि अरेरा कॉलोनी में यह ठेका मंदिर के पास स्थित है, जो नियमों के विरुद्ध है।
बता दें कि अरेरा कॉलोनी में शराब दुकान के खिलाफ लोग पिछले एक साल से लगातार आवाज उठा रहे हैं। इस मामले की शिकायत मानव अधिकार आयोग तक भी पहुंच चुकी है, जिसके बाद आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने मौके का निरीक्षण भी किया था। इसके बावजूद दुकान नहीं हटाई गई, जिससे नाराज रहवासियों ने गुरुवार को एक बार फिर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी का कहना है कि जिस स्थान पर यह दुकान संचालित हो रही है, वह आवासीय क्षेत्र है, लेकिन इसका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जो मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम 2012 और नगर निगम अधिनियम 1956 का उल्लंघन है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दुकान नहीं हटाई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, यहां तक कि उग्र प्रदर्शन की स्थिति भी बन सकती है। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी के साथ क्षेत्रीय पार्षद शिखा गोहिल, सचिन दास बब्बा, रवि शर्मा, लवनीश भाटी, पूर्णेंदु शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो उसे ताला लगाकर बंद किया जाएगा।
रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब दुकान आर्य समाज मंदिर से मात्र 40 मीटर की दूरी पर है, लेकिन अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में इसे मंदिर मानने से ही इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान के कारण इलाके का माहौल बिगड़ रहा है। लगातार भीड़, शोर-शराबा, वाहनों की आवाजाही और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा प्रभावित हो रही है, जिससे महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, शाहपुरा क्षेत्र में भी विरोध तेज है। यहां शाहपुरा थाने के पास गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने से लोग नाराज हैं। आरोप है कि यह दुकान बच्चों के स्कूल से सिर्फ 50 मीटर दूरी पर है, जो नियमों का उल्लंघन है। स्थानीय नागरिकों, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने इसे तुरंत हटाकर अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। गुरुवार को भगवा पार्टी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया गया।
भोपाल में अन्य स्थानों पर भी शराब दुकानों के खिलाफ विरोध जारी है। ऋषिपुरम अवधपुरी में लोग पिछले 18 दिनों से धरने पर बैठे हैं। कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे पर दुकान शिफ्टिंग के विरोध में रोज जाम की स्थिति बन रही है। सेमराकलां में एक साल से लोग जनसुनवाई में आवेदन दे रहे हैं और धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ईंटखेड़ी और प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में भी शराब दुकानों को लेकर पहले प्रदर्शन और आंदोलन हो चुके हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

