home page

भोपाल में 14 लाख रुपये से अधिक का संपत्तिकर बकाया, निगम ने भवन किया सील

 | 
भोपाल में 14 लाख रुपये से अधिक का संपत्तिकर बकाया, निगम ने भवन किया सील


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने संपत्तिकर और अन्य करों की बकाया राशि वसूलने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को निगम के अमले ने मालवीय नगर क्षेत्र में एक बड़े बकायादार के भवन को कुर्क कर सील कर दिया। भवन स्वामी पर संपत्तिकर एवं अन्य करों के कुल 14 लाख 4 हजार 510 रुपये बकाया थे।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जोन क्रमांक-7 के अमले ने वार्ड क्रमांक-34 के अंतर्गत मालवीय नगर स्थित भवन क्रमांक-1 के मालिक रतनजीत सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की। बकाया राशि जमा नहीं करने पर नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 175 के तहत भवन के संपूर्ण हिस्से को अधिग्रहित कर सील करने की कार्रवाई की गई।

निगम अधिकारियों के अनुसार, बकाया करों की वसूली के लिए संबंधित भवन स्वामी को पूर्व में विधिवत नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद राशि जमा नहीं करने पर संपत्ति कुर्क कर तालाबंदी की गई।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त विजय तिवारी के निर्देशन में संबंधित जोन अधिकारी अंकित जायसवाल, वार्ड प्रभारी और निगम के अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में की गई। निगम द्वारा संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार सहित अन्य करों एवं शुल्कों की वसूली के लिए अभियान लगातार जारी है। बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध कुर्की और तालाबंदी जैसी कार्रवाई भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा