home page

राजगढ़ः काॅलेज में विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 | 
राजगढ़ः काॅलेज में विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम का हुआ आयोजन


राजगढ़,6 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को विकसित भारत युवा संसद 2026 के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय आपातकाल के 50 वर्षः भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक रखा गया।

कार्यक्रम के लिए माय भारत पोर्टल पर 108 विद्यार्थियों ने अपना पंजीयन कराया, लेकिन कार्यक्रम में जिलेभर से 23 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न हुई, जिसमें प्रतिभागियों की वाक्कला, तर्कशक्ति एवं समसमायिक विषयों पर दृष्टिकोण का मूल्यांकन किया गया। प्रथम चरण में निर्णायक मंडल में सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी जयसिंह राठौड़, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक प्रवीणसिंह पंवार शामिल रहे वहीं द्वितीय चरण में नरसिंहगढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ.चेतन त्रिपाठी और ब्यावरा महाविद्यालय के प्रोफेसर घनश्याम नागर ने निर्णायक भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में पांच प्रतिभागियों पायल यादव, राम गुप्ता, आनंद शर्मा, जय कुशवाह और रोहित कुशवाह का चयन किया गया, जो आगामी 10 मार्च को भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा संसद कार्यक्रम में राजगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ.वीबी.खरे ने अपने संबोधन में कहा कि युवा संसद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरुकता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम की रुपरेखा नोडल अधिकारी डाॅ.मंगलेश सोलंकी एवं सह नोडल अधिकारी डाॅ.शैलेन्द्रकुमार मेवाड़ा द्वारा बनाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक