प्रीतम लोधी प्रकरण पर सियासत तेज, कांग्रेस ने सरकार से जवाब मांगा, निष्पक्ष जांच की मांग
भोपाल, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र द्वारा सड़क हादसे में लाेगाें काे थार वाहन से कुचलने की घटना और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।
जीतू पटवारी ने साेमवार काे मीडिया काे जारी बयान में आरोप लगाया कि हाल में हुए सड़क हादसे, जिसमें विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र की संलिप्तता बताई जा रही है, ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले के बाद सामने आए कुछ कथित बयानों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुए व्यवहार की जांच आवश्यक है।
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस पूरे प्रकरण पर स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कानून सभी पर समान रूप से लागू हो और किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव जांच प्रक्रिया को प्रभावित न करे। पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों में चिंता बढ़ रही है। वहीं, उन्होंने केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “नए भारत” के दावों पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस ने इस मामले में चार प्रमुख मांगें रखी हैं:
संबंधित प्रकरण में सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच हो
यदि किसी प्रकार की धमकी या अनुचित व्यवहार हुआ है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाए
मुख्यमंत्री इस मामले पर सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करें
जांच एजेंसियों को बिना दबाव के काम करने दिया जाए
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

