जबलपुर : राष्ट्रपति के प्रस्तावित जबलपुर दौरे की तैयारियों में अधिकारियों की मिसाल, ट्रैवलर वाहन से किया निरीक्षण
जबलपुर, 16 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास की तैयारियों के तहत मंगलवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग और ईंधन की बचत का संदेश देते हुए अपने-अपने अलग सरकारी वाहनों के बजाय ट्रैवलर वाहनों का उपयोग किया।
दो ट्रैवलर वाहनों में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत सहित एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक साथ कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत के साथ-साथ संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। अधिकारियों का यह कदम न केवल प्रशासनिक सादगी का उदाहरण है, बल्कि आम नागरिकों को भी अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने और सामूहिक परिवहन को अपनाने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां लगातार जारी हैं और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

