home page

अनूपपुर: तेज रफ्तार बाइक फिसली, बाल-बाल बची गर्भवती, पिता और पति घायल

 | 
अनूपपुर: तेज रफ्तार बाइक फिसली, बाल-बाल बची गर्भवती, पिता और पति घायल


अनूपपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में चेतना नगर के पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक फिसल गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार ससुर और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठी गर्भवती महिला सुरक्षित बच गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को अनूपपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों की पहचान अमगवां, थाना जैतहरी निवासी 45 वर्षीय ददन पनिका, उनकी 25 वर्षीय बेटी ज्योति पनिका और 29 वर्षीय दामाद लालमन पनिका के रूप में हुई है। ददन पनिका ने बताया कि उनकी बेटी गर्भवती है और स्थानीय निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। गुरुवार को डॉक्टर ने सोनोग्राफी कराने की सलाह दी थी। चूंकि निजी अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, इसलिए तीनों जिला अस्पताल आ रहे थे।

जैतहरी मार्ग पर केडिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर अचानक सामने से एक अन्य बाइक आ गई। उससे बचने के लिए बाइक चला रहे लालमन पनिका ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे बाइक फिसल गई और तीनों गिर गए। इस दुर्घटना में लालमन पनिका और ददन पनिका के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गर्भवती ज्योति पनिका को हल्की चोटें लगीं, लेकिन किसी बड़ी अनहोनी से वह बच गईं। स्त्री रोग विशेषज्ञों ने जांच के बाद गर्भवती महिला को सुरक्षित बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला