राजगढ़ः गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में स्थापना दिवस
राजगढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का 68वां स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया।
प्राचार्य डॉ. वीबी. खरे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं पूर्व उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप सिंह राणावत रहे। पूर्व प्राचार्य डॉ. आरके. शर्मा, डॉ. एमएल. गुप्ता और पूर्व क्रीड़ा अधिकारी आईपी. नामदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्राचार्य डॉ. खरे ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1958 में स्थापित महाविद्यालय वर्ष 1995-96 तक विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से संबद्ध रहा। इसके बाद बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल से संबद्ध होकर संचालित हो रहा है। 14 जुलाई 2024 को महाविद्यालय का चयन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में हुआ। सीसीटीवी, ओपन जिम और देशभक्ति कॉर्नर बने आकर्षण शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दोनों भवनों में सीसीटीवी कैमरे, प्रयोगशाला फर्नीचर और अन्य सुविधाएं विकसित की गईं। ग्रीन कैंपस के तहत पौधरोपण, भारत माता एवं विवेकानंद वाटिका में ओपन जिम तथा विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति कॉर्नर स्थापित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदीप सिंह राणावत ने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर सर्वांगीण विकास करने की सीख दी। पूर्व विद्यार्थी आनंद शर्मा और तुषार साहू ने भी अनुभव साझा किए। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं एवं पदोन्नति के लिए एनपी. संजोदिया, यशवंत शर्मा और रमेश वर्मा को सम्मानित किया गया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

