home page

प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य समय सीमा में पूरे करें : महापौर

 | 
प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य समय सीमा में पूरे करें : महापौर


भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। भोपाल महापौर मालती राय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न आवासीय परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 17 सितंबर 2026 को हितग्राहियों को आवासों का आधिपत्य सौंपने की तैयारी भी समय रहते पूरी कर ली जाए।

बुधवार को निगम मुख्यालय स्थित अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने शहर की विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में चल रहे सिविल, विद्युत, पेयजल, सीवेज एवं अन्य आधारभूत अधोसंरचना संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों की फिनिशिंग सहित शेष कार्यों में तेजी लाने तथा आवास आवंटन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

महापौर मालती राय ने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण अंतिम चरण में है, वहां सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों में बिजली, पेयजल, सीवेज, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे हितग्राहियों को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ आवास उपलब्ध कराए जा सकें।

बैठक में अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, महापौर परिषद की सदस्या छाया ठाकुर, कार्यपालन यंत्री आर.बी. गोयल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा