home page

इंदौर में बदहाल सड़कों पर सियासत, गड्ढे में बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
इंदौर में बदहाल सड़कों पर सियासत, गड्ढे में बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन


इंदौर, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर की बदहाल सड़कों और बारिश के दौरान जलभराव व कीचड़ की समस्या को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे कार्यकर्ताओं के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल से रिंग रोड की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर कीचड़ से भरे गड्ढे में बैठ गए। कांग्रेस ने नगर निगम से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।

चिंटू चौकसे के मुताबिक, संबंधित सड़क को करीब दो साल पहले किसी निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था, लेकिन इसके बाद इसकी समुचित मरम्मत नहीं की गई। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों और कीचड़ के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन से पहले खुद की कार फंसी

प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के दौरान चौकसे की फॉर्च्यूनर भी इसी सड़क पर कीचड़ में फंस गई। उन्होंने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वे अन्य लोगों के साथ कार को कीचड़ से बाहर निकालने का प्रयास करते नजर आए। चौकसे ने कहा कि जब एक बड़ी एसयूवी सड़क पर फंस रही है तो छोटे वाहनों, दोपहिया चालकों और पैदल राहगीरों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।

महापौर और निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के कई हिस्सों में सड़कें गड्ढों और कीचड़ से जूझ रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का बजट हजारों करोड़ रुपए का है और सड़क निर्माण व मरम्मत के लिए हर वर्ष राशि का प्रावधान किया जाता है। इसके बावजूद कई इलाकों में सड़कों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। चौकसे ने नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पुराने मामलों का भी हवाला दिया और कहा कि केवल कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय यदि कहीं अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

खर्च का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग

कांग्रेस ने महापौर से नगर निगम के बजट में सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए निर्धारित राशि तथा विभिन्न कार्यों पर हुए खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही बॉम्बे हॉस्पिटल से रिंग रोड की ओर जाने वाली सर्विस रोड की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वह नगर निगम के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे