मध्याह्न भोजन के नए मेन्यू पर सियासत तेज, कांग्रेस ने कहा- कुपोषण छोड़ इवेंटबाजी में जुटी सरकार
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन में अब अंचलवार पारंपरिक व्यंजन शामिल किए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत सप्ताह में कम से कम एक दिन स्थानीय खान-पान परंपरा के अनुसार भोजन परोसना अनिवार्य होगा। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों के व्यंजनों का मेन्यू निर्धारित किया गया है। सरकार के इस फैसले पर अब राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। भाजपा जहां इसे बच्चों के पोषण और पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने की पहल बता रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे इवेंटबाजी करार देते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई गाइडलाइन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के फैसले के तहत बच्चों की थाली में क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ पौष्टिक खाद्य सामग्री भी शामिल की जाएगी। मुनगा (सहजन) की पत्तियों से तैयार रोटी के अलावा बाजरा, चुकंदर और बथुआ जैसे खाद्य पदार्थों का उपयोग किया जाएगा। सप्ताह में कम से कम एक दिन हरी और गुलाबी चपाती सहित पारंपरिक भोजन देने का प्रावधान किया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने नए मेन्यू पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे नौटंकी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय इवेंटबाजी में लगी हुई है। एक ओर प्रदेश में कुपोषण के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, दूसरी ओर सरकार भोजन का मेन्यू बदलने को उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल व्यंजन बदल देने से बच्चों के पोषण स्तर में सुधार नहीं होगा। सरकार को कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि मिड-डे मील में बच्चों को हरी सब्जियों से लेकर प्रोटीनयुक्त पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसे में कांग्रेस को इस पहल से क्या आपत्ति है। भाजपा के अनुसार, कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण आहार केंद्रों में ले जाया जाता है, जहां उनके स्वास्थ्य में सुधार के प्रयास किए जाते हैं। क्षेत्रीय व्यंजनों को भोजन में शामिल करने का उद्देश्य भी बच्चों को पौष्टिक और विविधतापूर्ण आहार उपलब्ध कराना है।
नई गाइडलाइन के तहत प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लिए अलग-अलग व्यंजन निर्धारित किए गए हैं। मालवा में भुट्टे का कीस, दाल-बाफला और सेव-टमाटर की सब्जी परोसी जाएगी। विंध्य और महाकौशल में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी तथा कोदो-कुटकी से बने व्यंजन शामिल किए गए हैं। बुंदेलखंड में बेसन के चीले और महेरी, जबकि ग्वालियर-चंबल में बाजरे की राबड़ी और बेड़ई बच्चों की थाली का हिस्सा होंगे। भोपाल-नर्मदापुरम अंचल में पंचमेल दाल, दाल-बाफला और लापसी परोसी जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में भी सप्ताह में एक दिन स्थानीय स्तर पर प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन देने की व्यवस्था की गई है। सरकार की इस नई पहल को लेकर अब राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। जहां भाजपा इसे पोषण और स्थानीय खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाला कदम बता रही है, वहीं कांग्रेस ने कुपोषण के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

