मुरैना: पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने ली दो कोटवारों की जान, ग्रामीणों का दो घंटे चक्काजाम
मुरैना, 24 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव बरेह टेकरी के पास पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो कोटवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा दोपहर करीब 1 बजे का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान लहर गांव निवासी रंजीत पुत्र श्यामलाल श्रीवास (25) एवं दिमनी गांव निवासी हरिचंद्र पुत्र श्यामलाल माहौर (50) के रूप में हुई है। दोनों अंबाह तहसील में कोटवार पद पर कार्यरत थे। दो कोटवारों की असमय मौत से लहर, दिमनी और अंबाह क्षेत्र में शोक की लहर है। गांवों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस लिखी वाहन की संलिप्तता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
परीक्षा ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दोनों युवक अंबाह स्थित शासकीय संदीपनी स्कूल अंबाह में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे।
ड्यूटी समाप्त कर वे अंबाह से बुलेट बाइक से अपने-अपने गांव लौट रहे थे। तभी मुरैना की ओर से आ रही तेज रफ्तार पुलिस लिखी काली स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को आमने-सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद तीन आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम बताए हैं।
सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो में शराब की बोतल और चकना भी मिला है। यह भी चर्चा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था और वह किसी पुलिसकर्मी से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों का चक्काजाम, प्रशासन की समझाइश के बाद खुला रास्ता
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और मांगों पर आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
परिजनों ने मृतक कोटवारों के परिवार को चार-चार लाख रुपये आर्थिक सहायता और अनुकंपा नियुक्ति की मांग की। प्रशासन की ओर से कोटवार पद पर अनुकंपा नियुक्ति की मांग स्वीकार कर ली गई है। एसडीएम अंबाह रामनिवास सिकरवार ने रेडक्रॉस से 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि देने की बात कही है।
पुलिस ने वाहन जब्त किया, आरोपियों की तलाश तेज
एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंन्द्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

