home page

सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: सागर में पुलिसकर्मियों के विशेष प्रशिक्षण का चौथा बैच शुरू

 | 
सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: सागर में पुलिसकर्मियों के विशेष प्रशिक्षण का चौथा बैच शुरू


सागर, 22 जून (हि.स.)। उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सागर पुलिस लाइन सभागार में पुलिसकर्मियों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे बैच का सोमवार को शुभारंभ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा विशाल आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल का शारीरिक रूप से सक्षम, अनुशासित और तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है।

इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 86 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था, आपातकालीन संचार व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन के दौरान आने वाली मैदानी चुनौतियों के लिए तैयार करना है। लगातार आयोजित हो रहे इन प्रशिक्षण सत्रों से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे