home page

उज्जैनः महाकाल की राजसी सवारी में गुम हुए 15 लोगों के मोबाइल पुलिस ने लौटाए

 | 
उज्जैनः महाकाल की राजसी सवारी में गुम हुए 15 लोगों के मोबाइल पुलिस ने लौटाए


उज्जैन, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बाबा महाकाल की राजसी सवारी में उमड़ी भीड़ के बीच सोमवार को कई लोगों के मोबाइल और पर्स चोरी हो गए थे। इस दौरान पुलिस को भी 15 गुम हुए मोबाइल मिले, जिन्हे पुलिस ने मंगलवार को उनके असली मालिकों को बुलाकर सौप दिया।

उल्लखेनीय है कि सोमवार को महाकालेश्वर भगवान की राजसी सवारी देखने के लिए 10 लाख 20 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे। महाकाल मंदिर से लेकर पूरा सवारी मार्ग श्रद्धालुओं से पटा पड़ा था। लाखों लोगों की भीड़ का फायदा उठाकर कई बदमाशों ने मोबाइल, पर्स, सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं 20 से अधिक लोग मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी की शिकायत लेकर महाकाल थाने पहुंचे थे।

इधर पुलिस ने भी लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस लौटाए। पुलिस ने बताय कि नानाखेड़ा निवासी ज्योति मारू सोमवार को सवारी देखने कंठाल चौराहे पहुंची थीं। पालकी के दर्शन के दौरान भीड़ में उनका मोबाइल कहीं गिर गया। उन्होंने कोतवाली थाने में मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ज्योति ने राजसी सवारी से जुड़े वीडियो अन्य मोबाइल पर सोशल मीडिया पर देखना शुरू किए। इसी दौरान एक वीडियो में उन्हें रस्सा पार्टी में तैनात पुलिस जवान के पास एक मोबाइल दिखाई दिया।

पुलिस जवान को मिला था मोबाइलज्योति ने पुलिस विभाग में पदस्थ अपने रिश्तेदार को वीडियो में नजर आ रहे जवान का फोटो दिखाया। रिश्तेदार के माध्यम से पुलिस जवान से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसे मोबाइल लावारिस हालत में मिला था और उसने फोन महाकाल थाने में जमा करा दिया है। इसके बाद ज्योति मंगलवार सुबह महाकाल थाने पहुंचीं और जरूरी पहचान बताने के बाद अपना मोबाइल वापस प्राप्त कर लिया।

लोगों ने भी थाने में जमा करवाए मोबाइलमहाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सवारी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ ही आम लोगों ने भी लावारिस हालत में मिले 15 मोबाइल थाने में जमा कराए थे। इन मोबाइल पर जब उनके मालिकों या परिजनों के फोन आए तो पुलिस ने उन्हें मोबाइल थाने में जमा होने की जानकारी दी। इसके बाद संबंधित लोग थाने पहुंचे और पहचान संबंधी जानकारी देकर अपने मोबाइल वापस ले गए।

आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध पकड़ाएराजसी सवारी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भी पूरे सवारी मार्ग पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए थे। इसके अलावा क्राईम ब्रांच की टीम भी लगातार सवारी मार्ग पर नजर रखें हुए थे। महाकाल थाना और क्राईम ब्रांच की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सवारी मार्ग से आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को दबोचा। हालंाकि पुलिस को उनके पास से कोई खास सामान नहीं मिल पाया। लेकिन पुलिस की टीम सभी से पूछताछ कर ही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल