मंदसौर में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर पुलिस की दबिश, 300 किलो केमिकल जब्त
मंदसौर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिले की सीतामऊ थाना पुलिस ने ग्राम मानपुरा में एक अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार- शनिवार की रात खेत के बीच बने टीनशेड पर दबिश के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच 8 से 10 राउंड फायरिंग भी हुई। इस कार्रवाई में 300 किलो से अधिक केमिकल, 110 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स, हाईटेक उपकरण और एक चोरी की स्कॉर्पियो-एन कार जब्त की गई।
पुलिस ने शनिवार दोपहर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दबिश के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने मौके से 300 किलो से अधिक केमिकल, 110 ग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले हाईटेक उपकरण जब्त किए। एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार भी बरामद की गई, जो चोरी की बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानपुरा-बड़ावदी रोड पर पानी की टंकी के पास स्थित एक खेत में बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग्स बनाने की तैयारी चल रही है। इस सूचना के आधार पर एक विशेष टीम ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर देर रात फैक्ट्री पर दबिश दी।पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी स्कॉर्पियो-एन से भागने लगे, लेकिन वाहन खेत में फंस गया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बीच तीनों आरोपी खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहे।
325 किलो से अधिक केमिकल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 325 किलो से अधिक केमिकल जब्त किया है, जिसमें एमडीसी, एचसीएल और ब्रोमो जैसे रसायन शामिल हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इन रसायनों से 100 से 150 किलो एमडी ड्रग्स तैयार की जा सकती थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 100 से 150 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री से एमडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक तराजू, गैस भट्टी, इलेक्ट्रिक ड्रायर (हीटगन), मोटर लगे ड्रम, प्लास्टिक के कंटेनर, स्टील के बर्तन, टिश्यू रोल और टेप सहित बड़ी मात्रा में अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। मौके से बरामद बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन चोरी की बताई जा रही है।
तीन आरोपी फरार, राजस्थान कनेक्शन की जांच
मामले में दिलीप गायरी, गोविंद गायरी निवासी मानपुरा थाना सीतामऊ और पिंटू सिंह सिसौदिया निवासी बजरंगगढ़ (राजस्थान) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में राजस्थान कनेक्शन भी सामने आया है।
मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि जिले में पकड़ी गई चौथी एमडी ड्रग्स फैक्ट्री है। मौके से 110 ग्राम एमडी, 300 किलो से अधिक केमिकल और एमडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाले हाई लेवल उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार सर्च आॅपरेशन चला रही हैं। मौके से 110 ग्राम एमडी ड्रग्स, बिना नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, 208 किलोग्राम एमडीसी केमिकल, 117.800 किलोग्राम अन्य केमिकल, 1.800 किलोग्राम क्रिस्टलनुमा पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा, गैस भट्टी, इलेक्ट्रिक हीटगन (ड्रायर), मोटर लगे दो ड्रम, लास्टिक की बाल्टियां, जग, स्टील के बर्तन सहित कई अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

