home page

जबलपुर पुलिस ने लौटाई 86 लोगों की खुशियां, 15 लाख के गुम मोबाइल बरामद

 | 
जबलपुर पुलिस ने लौटाई 86 लोगों की खुशियां, 15 लाख के गुम मोबाइल बरामद


जबलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने के लिए जबलपुर पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस की साइबर सेल ने पोर्टल की मदद से 86 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह और उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण निकिता सिंह की उपस्थिति में बरामद मोबाइल फोन उनके संबंधित धारकों को वापस सौंपे।

यह कार्रवाई एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर तथा एएसपी अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस द्वारा पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की लगातार तलाश की जा रही है।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। जबलपुर पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक