home page

जबलपुरः गोलबाजार में चला नगर निगम और पुलिस का संयुक्त अभियान, अतिक्रमण से मिली मुक्ति

 | 
जबलपुरः गोलबाजार में चला नगर निगम और पुलिस का संयुक्त अभियान, अतिक्रमण से मिली मुक्ति


जबलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शहर की धड़कन कहे जाने वाले गोलबाजार क्षेत्र में रविवार को प्रशासन का सख्त और सुधारात्मक चेहरा देखने को मिला। सुबह निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के औचक निरीक्षण के बाद, दोपहर होते-होते निगम, जिला और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर दिया।

कार्यवाही की शुरुआत सुबह तब हुई जब निगमायुक्त ने स्वयं गोलबाजार का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जों के कारण आम जनता का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए, जिसका असर दोपहर होते-होते धरातल पर नजर आने लगा।

दोपरह को नगर निगम की टीम, जिला प्रशासन के अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ गोलबाजार पहुंची। इस संयुक्त कार्यवाही के दौरान सड़क घेरे हुए लगभग 50 से 60 अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। नालियों के ऊपर बने पक्के और कच्चे ढांचों को साफ किया गया। सड़क पर सामान फैलाकर व्यापार करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि गोलबाजार को व्यवस्थित और सुंदर बनाना है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। कार्यवाही के दौरान अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक