home page

जबलपुर : दीपावली से पहले पटाखा दुकानों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

 | 
जबलपुर : दीपावली से पहले पटाखा दुकानों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश


जबलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व को देखते हुए जबलपुर पुलिस ने पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगरानी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल ने शुक्रवार को गोसलपुर थाना क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, पटाखों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। एएसपी ने दुकानदारों को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने, दुकान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इसी तरह जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने अवैध रूप से पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री रखने, भंडारण करने और बेचने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक