home page

जबलपुर में होली-रमजान पर पुलिस अलर्ट मोड पर

 | 
जबलपुर में होली-रमजान पर पुलिस अलर्ट मोड पर


जबलपुर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में होली और रमजान के एक साथ पड़ने को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर और ग्रामीण थानों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में पिछले वर्षों के दौरान सामने आए विवादों और संवेदनशील स्थानों की समीक्षा की गई। जिन इलाकों में पहले तनाव या झड़प की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष निगरानी और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर ली है और दो पक्षों के बीच पुराने विवादों का भी आकलन किया गया।

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि छोटी से छोटी सूचना को भी नजरअंदाज न किया जाए और तत्काल मौके पर पहुंचकर कानून सम्मत कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर आदतन अपराधियों के खिलाफ बाउंड ओवर जैसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। उल्लंघन की स्थिति में सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

होलिका दहन पारंपरिक स्थलों पर ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। शांति समिति और उत्सव समितियों के साथ संवाद बढ़ाने तथा स्थानीय सुझावों को अमल में लाने पर जोर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी।

सुरक्षा तैयारियों के तहत सरकारी वाहनों की स्थिति की भी जांच की गई। टियर गैस, टॉर्च, वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण, पीए सिस्टम और सायरन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। बलवा ड्रिल से संबंधित सामग्री उपलब्ध रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक