home page

उज्जैन में मलेरिया कार्यालय की छत का प्लास्टर भरभराकर गिरा

 | 
उज्जैन में मलेरिया कार्यालय की छत का प्लास्टर भरभराकर गिरा


उज्जैन , 08 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन के फ्रीगंज के घास मंडी चौराहे पर स्थित जिला मलेरिया विभाग के 40 वर्ष पुराने कार्यालय में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यालय की स्थापना शाखा के कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि कमरे में रखा फर्नीचर और एक प्रिंटर क्षतिग्रस्त हो गया।

बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्थापना शाखा के कक्ष की छत का हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। उस समय सभी अधिकारी और कर्मचारी किसी काम से कमरे के बाहर थे। बताया जा रहा है कि इस भवन की लंबे समय से हालत खराब है। बारिश के दौरान छत से लगातार पानी रिसता है। कमजोर छत और जर्जर दीवारों को लेकर कर्मचारी रोजाना आशंकित रहते हैं। कर्मचारियों के अनुसार भवन की खराब स्थिति की जानकारी कई बार वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अब तक भवन की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

पहले भी हो चुका है हादसा

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब इस भवन में इस तरह की घटना हुई हो। इससे पहले भी छत और भवन की जर्जर स्थिति को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में रोष है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही भवन की मरम्मत या नए कार्यालय की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इनका कहना है..

जिला मलेरिया अधिकारी डी.एस. सिसौदिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यालय भवन काफी पुराना है। छत का प्लास्टर गिरने की घटना में सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि नुकसान केवल कमरे में रखे कुछ सामान तक सीमित रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल