home page

न्यू मार्केट में महिला चालकों के लिए आरक्षित रहे पिंक पार्किंग, महापौर ने दिए व्यवस्था सुधार के निर्देश

 | 
न्यू मार्केट में महिला चालकों के लिए आरक्षित रहे पिंक पार्किंग, महापौर ने दिए व्यवस्था सुधार के निर्देश


भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.)। भोपाल की महापौर मालती राय ने न्यू मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के ग्राउंड फ्लोर पर विकसित पिंक पार्किंग में केवल महिला वाहन चालकों के वाहन ही पार्क कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्किंग परिसर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

महापौर ने गुरुवार को न्यू मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर बनाई गई पिंक पार्किंग सहित अन्य तल पर पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया और नगर निगम अधिकारियों के साथ स्थानीय व्यापारियों से भी चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिंक पार्किंग का उपयोग केवल महिला वाहन चालकों के लिए सुनिश्चित करने, अन्य तलों पर वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग कराने तथा महिला एवं पुरुष शौचालयों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्किंग परिसर के बाहर स्थित सीवेज चेंबर और नालियों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए।

महापौर ने मल्टीलेवल पार्किंग के सामने स्थित रोटरी को व्यवस्थित करने, घास की कटाई कराने तथा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

व्यापारियों ने महापौर को बताया कि पार्किंग के बाहर मोड़ पर बने पाथवे और उसके सामने वाहनों के खड़े होने से आवागमन प्रभावित होता है। इस पर महापौर ने पाथवे को व्यवस्थित कराने तथा उसके सामने वाहनों की पार्किंग रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने टी.टी. नगर डाकघर के सामने सड़क की दूसरी ओर पुराने पंजाब नेशनल बैंक के पास लगी रेलिंग को भी व्यवस्थित कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी और न्यू मार्केट क्षेत्र के व्यापारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा