home page

शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत, एक शिक्षक घायल

 | 
शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत, एक शिक्षक घायल


शुजालपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर तिलावद के पास सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादस में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार दोपहर तिलावद स्थित परम फिलिंग पेट्रोल पंप के सामने हुआ। जहां तिलावद के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक अमर सिंह मालवीय अपने बीमार पिता जगन्नाथ मालवीय को इलाज के लिए शुजालपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन पिता-पुत्र की सांसें पहले ही थम चुकी थीं।

वहीं, हादसे के वक्त बाइक पर मौजूद सीहोर जिले के गवाखेड़ी निवासी एक अन्य शिक्षक विजेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल शिक्षक को तत्काल शुजालपुर सिविल अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। टक्कर के बाद पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। उसका चालक मौके से फरार हो गया

घटना की सूचना मिलते ही तिलावद पुलिस बल मौके पर पहुँचा और शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए पोलायकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पिकअप अरनियाकला गांव के किसी व्यक्ति की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि शुजालपुर-आष्टा मार्ग पर बीते एक सप्ताह के भीतर यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। महज सात दिनों में 5 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत