home page

अनूपपुर: 'विकसित भारत@2047' पर पीआईबी का संवाद कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय योजनाओं की दी गई जानकारी

 | 
अनूपपुर: 'विकसित भारत@2047' पर पीआईबी का संवाद कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय योजनाओं की दी गई जानकारी


अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भोपाल द्वारा गुरुवार को अनूपपुर में विकसित भारत@2047 विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास, आयुष्मान भारत, नई शिक्षा नीति, महिला सशक्तीकरण तथा पत्रकार कल्याण योजना सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत@2047 की राष्ट्रीय दृष्टि के अनुरूप सुदृढ़ किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन और जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने नल-जल योजना के संचालन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की भी विस्तार से जानकारी दी।

पीआईबी भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने स्वागत उद्बोधन में विभागीय गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की पत्रकार कल्याण योजना (जेडब्ल्यूएस) के तहत मृत्यु, स्थायी विकलांगता, गंभीर बीमारी अथवा दुर्घटना की स्थिति में पत्रकारों एवं उनके परिवारों को एकमुश्त अनुग्रह सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त दोनों प्रकार के पत्रकार इस योजना के पात्र हैं। उन्होंने पीआईबी को सरकार और मीडिया के बीच विश्वसनीय सूचना का प्रभावी माध्यम बताया।

केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने नई शिक्षा नीति और सार्वजनिक परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओं के पारदर्शी संचालन के लिए केंद्र और राज्य सरकारें तथा जिला प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या हस्तक्षेप करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर परिषद अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए कहा कि योजना का अधिकतम लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने मीडियाकर्मियों से आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक आयुष्मान भारत योजना उमंग तिवारी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के संतोष सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के 12 प्रमुख स्तंभों की जानकारी दी। वहीं महिला सशक्तीकरण अधिकारी मंजूषा शर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में पत्रकारों के प्रश्नों का विषय विशेषज्ञों ने उत्तर दिया। अंत में प्रसार भारती के पीटीसी अजीत कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मीडिया एवं संचार अधिकारी परितोष दीक्षित तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक हेमंत मारकवाडे ने संयुक्त रूप से किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला