अनूपपुर: नर्मदा मंदिर ट्रस्ट के सोने-चांदी के आभूषणों का हुआ भौतिक सत्यापन, सभी सुरक्षित मिले
अनूपपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित श्री नर्मदा उद्गम मंदिर ट्रस्ट के सोने-चांदी के आभूषणों को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही चर्चाओं पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन में कराए गए भौतिक सत्यापन में ट्रस्ट के सभी आभूषण सुरक्षित एवं सूची के अनुरूप पाए गए हैं।
गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी चोरी की घटना के बाद पुष्पराजगढ़ से कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की संपत्तियों, आय-व्यय और चढ़ावे के सार्वजनिक लेखा-जोखा की मांग उठाई थी। ट्रस्ट की प्रस्तावित बैठक से पहले उन्होंने ट्रस्ट के कामकाज को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। वहीं श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट की 18 जुलाई को प्रस्तावित सामान्य बैठक शहडोल संभागायुक्त एवं ट्रस्ट अध्यक्ष की अध्यक्षता में होने वाली बैठक सांसद हिमाद्री सिंह और पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को के लोकसभा और विधानसभा सत्रों में व्यस्त रहने के कारण स्थगित कर दी गई है।
श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट की ओर से शनिवार काे जारी पत्र में बताया गया है कि बैठक की अगली तिथि बाद में तय की जाएगी। इसकी सूचना सभी ट्रस्ट सदस्यों को अलग से भेजी जाएगी।
इसी क्रम में शुक्रवार देर रात अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट की अध्यक्षता में गठित जांच दल ने अमरकंटक थाना परिसर में सुरक्षित रखे गए ट्रस्ट के सोने-चांदी के आभूषणों का सूचीवार मिलान करते हुए विस्तृत भौतिक सत्यापन किया।
जांच के दौरान दल ने उपलब्ध सूची के अनुसार प्रत्येक आभूषण का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया। सत्यापन के बाद प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि सूची में दर्ज सभी सोने-चांदी के आभूषण सुरक्षित, पूर्ण एवं यथावत पाए गए। पूरी प्रक्रिया निर्धारित शासकीय मानकों और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
भौतिक सत्यापन की कार्रवाई मुख्य नगर परिषद अधिकारी अमरकंटक, थाना प्रभारी अमरकंटक तथा श्री नर्मदा मंदिर ट्रस्ट के अधिकृत पुजारी राजेश द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद ट्रस्ट के आभूषणों को लेकर उठ रहे सवालों पर फिलहाल विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

