सागर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: कलेक्टर
सागर, 26 मार्च (हि.स.)। जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए कलेक्टर संदीप जीआर ने स्पष्ट किया है कि सागर में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
कलेक्टर ने गुरूवार को (IOCL, BPCL, HPCL) अधिकारियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि डिपो और पंपों पर आगामी दिनों के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है और मांग के अनुसार निरंतर आपूर्ति की जा रही है।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई डीलर या व्यक्ति पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला आपूर्ति नियंत्रक, एसडीएम और तहसीलदारों को फील्ड में सक्रिय रहकर पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है, ताकि किसानों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से उपभोक्ताओं को स्टॉक की जानकारी देने और अफवाहों से बचने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर अविनाश रावत, नगर दंडाधिकारी गगन बिसेन, जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति बघेल तथा पेट्रोल पंप संचालक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र दुबे सहित विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा, “जिले में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी है। नागरिक पैनिक न हों और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें। प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

