home page

राजगढ़ः कमरे में 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच शुरू

 | 
राजगढ़ः कमरे में 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच शुरू


राजगढ़, 09 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में अंजनीलाल मंदिर रोड स्थित किराए के मकान में 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात हजारीलाल पुत्र प्रभुलाल वर्मा कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर पंखे से लटके मिले। पड़ोसियों ने आवाज देने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो गेट खोलकर देखा, जहां हजारीलाल फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि हजारीलाल मूल रूप से बारवां गांव के रहने वाले थे और ब्यावरा में किराए के कमरे में रहते थे। वे पहले पंचर की दुकान पर मजदूरी करते थे। वर्तमान में भजन-कीर्तन में ढोलक बजाने का काम करते थे। उनके बेटे और बहू अलग रहते हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। हजारीलाल ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिवार और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक