उज्जैन जिले में छात्रा की मौत से आक्रोशित हुए लोग, शव सडक़ पर रखकर प्रदर्शन
उज्जैन, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम मसवादिया धार में रहने वाली एक छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में पढऩे वाले मुस्लिम छात्र की प्रताडऩाओं से तंग आकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया। जिसके बाद ग्राम रुणीजा में परिजन और हिन्दू समाज ने शव सडक़ पर रखकर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर उसके मकान के अवैध हिस्से को तोड़ दिया।
भाटपचलाना थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम मसवादिया निवासी कक्षा 11वीं में पढऩे वाली छात्रा ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए बडऩगर के अस्पताल में भर्ती किया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्रा की मौत से आक्रोशित परिजन और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मंगलवार को भगत सिंह चौराहे पर एकत्र हुए और शव सडक़ पर रखकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा को परेशान करने का आरोप उसके साथ पढऩे वाले मुस्लिम समुदाय के छात्र पर लगाया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर एएसपी करण दीप सिंह, एसडीओपी आकांक्षा बिछोटे, थाना प्रभारी सत्येन्द्र चौधरी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान आरोपी छात्र के मकान को तोडऩे की मांग की गई। इसके बाद नगर पंचायत की टीम ने मकान के ऊपर बना अवैध शेड हटा दिया। पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के बाद तनाव में थी छात्रापरिजन और स्थानीय लोगों का आरोप है कि छात्रा के साथ स्कूल में पढऩे वाला छात्र उसे लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा ने इस संबंध में स्कूल के शिक्षक ब्रजपाल सिंह से शिकायत भी की थी। लेकिन शिक्षक ने छात्र के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय छात्रा को डांट दिया और उसे स्कूल नहीं आने के लिए कहा। इसके बाद से छात्रा तनाव में रहने लगी थी। आरोप है कि सोमवार को भी संबंधित छात्र ने छात्रा को रूप से धमकाया था। स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

