home page

जबलपुर : होटल अर्क द कोर्टयार्ड पर 1 लाख रूपये का जुर्माना और रेस्टोरेन्ट सील

 | 
जबलपुर : होटल अर्क द कोर्टयार्ड पर 1 लाख रूपये का जुर्माना और रेस्टोरेन्ट सील


जबलपुर, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार को नगर निगम स्वास्थ्य, अग्नि शमन, बाजार, अतिक्रमण और भवन विभाग की टीम द्वारा बिलहरी मेन रोड स्थित होटल अर्क द कोर्टयार्ड का औचक निरीक्षण किया गया। सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही और गंदगी पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और रेस्टोरेन्ट को सील कर दिया गया।

कार्यवाही के संबंध में उपायुक्त संभव अयाची ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीम ने होटल का औचक निरीक्षण और अग्नि सुरक्षा की जांच की गयी। निरीक्षण के दौरान होटल में जन सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों की अनदेखी पाई गई। उन्होंने बताया कि फायर सेफ्टी और वेंटिलेशन का अभाव पाया गया और किचन में वेंटिलेशन की व्यवस्था नहीं पाई गयी।

इसके साथ ही स्वीकृत नक्शे और क्षेत्र से अधिक भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से रेस्टोरेंट एवं बार का संचालन किया जा रहा था, जिसके कारण रेस्टोरेन्ट को सील किया गया। इस अवसर पर सहायक अग्नि शमन अधिकारी राजेन्द्र पटैल, सहायक यंत्री अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव, स्वास्थ्य निरीक्षक किशन दुबे, सचिन सहायक अग्नि शमन अधिकारी नीलेश पाटीदार, अखिलेश सिंह भदौरिया, संभागीय यंत्री अभिषेक तिवारी आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक