home page

साइकिल चलाकर सीहोर पहुंचे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

 | 
साइकिल चलाकर सीहोर पहुंचे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा


साइकिल चलाकर सीहोर पहुंचे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा


- 14-15 जुलाई से शिक्षा गारंटी अभियान का किया ऐलान

भोपाल, 05 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार सुबह भोपाल से साइकिल चलाते हुए सीहोर पहुंचे। सीहोर पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीसीसी चीफ की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सीधे जनता से जुड़ना और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को उठाना है।

सीहोर आगमन के तुरंत बाद जीतू पटवारी प्राचीन चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर से बाहर आते ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। पटवारी ने आरोप लगाया कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में 'अद्भुत और अकल्पनीय भ्रष्टाचार' चरम पर है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली की तुलना 'अलीबाबा चालीस चोर' से करते हुए कहा कि चारों तरफ जनता की गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है।

अयोध्या और महाकाल लोक का जिक्र कर उठाए सवाल

भ्रष्टाचार को लेकर पीसीसी चीफ ने अयोध्या के जमीन विवादों और उज्जैन के महाकाल लोक निर्माण में हुई कथित 'लूट' का जिक्र किया। उन्होंने हाल ही में सामने आए राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को 'खुला भ्रष्टाचार' करार दिया और कहा कि इन इतने गंभीर और संवेदनशील धार्मिक विषयों पर भी प्रदेश के मुख्यमंत्री पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।

14-15 जुलाई से मध्य प्रदेश में कांग्रेस का अभियान

जीतू पटवारी ने सीहोर की धरती से कांग्रेस के आगामी बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने राहुल गांधी की सोच और विजन का हवाला देते हुए एक नए अभियान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 14 और 15 तारीख को कांग्रेस पार्टी 'नई सोच और क्रांतिकारी विचार' के साथ पूरे मध्य प्रदेश में घर-घर जाएगी। इस अभियान का मुख्य एजेंडा प्रदेश के हर बच्चे के लिए 'सुरक्षित शिक्षा और शिक्षा की गारंटी' सुनिश्चित करना होगा, ताकि बुनियादी अधिकारों को लेकर सरकार को घेरा जा सके।

इसके अलावा अपने हालिया दतिया दौरे का अनुभव साझा करते हुए पटवारी ने कहा कि मैदानी स्तर पर भाजपा शासन के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश और असंतोष का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि लोग अब बदलाव का मन बना चुके हैं और आने वाले समय में दतिया सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस शत-प्रतिशत ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। पटवारी की इस साइकिल यात्रा से सीहोर और आसपास के जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक नया सियासी जोश देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत